अधिकारी ने सदन में दत्तपुकुर, एगरा और बजबज समेत बिलास्ट की तीन घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने शिकायत की कि राज्य सरकार अवैध पटाखा कारखानों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है।
कोलकाता। उत्तर 24 परगना के दत्तपुकुर में एक पटाखा कारखाने में विस्फोट से नौ लोगों की मौत को लेकर राज्य विधानसभा में सोमवार जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस पर चर्चा की मांग की लेकिन अध्यक्ष विमान बनर्जी ने इनकार कर दिया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए भाजपा विधायकों ने सदन से वाकआउट किया है। इसके साथ ही शुभेंदु ने आरोप लगाया है कि उत्तर 24 परगना में जो ब्लास्ट हुआ है वह पटाखा कारखाने का ब्लास्ट नहीं बल्कि आरडीएक्स का ब्लास्ट है।
अधिकारी ने सदन में दत्तपुकुर, एगरा और बजबज समेत बिलास्ट की तीन घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने शिकायत की कि राज्य सरकार अवैध पटाखा कारखानों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। इसके बाद भाजपा विधायकों ने सदन में कागज फाड़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली विधायकों ने वॉकआउट किया। बाद में विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी पत्रकारों से मुखातिब हुए। शुभेंदु ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना में आरडीएक्स का इस्तेमाल किया गया है।
विपक्षी दल के नेता ने कहा कि भयानक विस्फोट हुआ है। यहां तक कि कंक्रीट की छत भी उड़ गई। भाजपा की ओर से हममें से कई विधायक यहां लंबित प्रस्ताव लेकर आये। मुझे उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री टीएमसीपी छात्र रैली को संबोधित करने से पहले घटना पर उठाए गए कदमों की जानकारी देंगी लेकिन मैंने देखा कि मुख्यमंत्री राजनीति से बाहर नहीं निकल पाईं। राज्य में लोग मर रहे हैं। पिछले छह महीने में एगरा, बजबज, मालदा में हाशिए पर रहने वाले लोगों की मौत हुई है। सबसे ऊपर कल की घटना है। यह सरकार जवाब देने को तैयार नहीं है। हमने सदन के अंदर 10 मिनट तक नारे लगाए। जानना चाहा कि क्या कदम उठाए गए हैं। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
नेता प्रतिपक्ष ने एगरा की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खाड़ीकुल विस्फोट के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें नहीं पता था कि पटाखे की इतनी सारी अवैध फैक्ट्रियां हैं। उच्च स्तरीय कमेटी गठित की। उन्होंने राज्य के लोगों को आश्वासन दिया कि ऐसा दोबारा नहीं होगा। उसके बाद कई जगहों पर विस्फोट हुए। कल विस्फोट का स्तर भयावह है। इसमें आरडीएक्स का इस्तेमाल हुआ है। पटाखा फैक्ट्री मालिक और उसका बेटा तृणमूल नेता हैं। उन्हें पता था कि भाजपा विधायक मौके पर जाएंगे इसीलिए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।